Header Ads Widget

बहराइच विशेश्वरगंज ग्राम पंचायत बुढ़नी भलुहिया में सामुदायिक शौचालय बना अव्यवस्था का अड्डा

रिपोर्ट | जे पी गोस्वामी 
बहराइच 
जिला बहराइच के विकास खंड विशेश्वरगंज अंतर्गत 
ग्राम पंचायत बुढ़नी भलुहिया में स्वच्छ भारत मिशन के तहत निर्मित सामुदायिक शौचालय बदहाली की मिसाल बन चुका है। कागजों में चालू दिखाया जा रहा यह शौचालय ज़मीनी हकीकत में गंदगी, लापरवाही और भ्रष्टाचार की कहानी बयां कर रहा है।
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि शौचालय परिसर में चारों ओर गंदगी का अंबार लगा है। सफाई की कोई व्यवस्था नहीं है, जिससे इसका उपयोग करना मुश्किल ही नहीं बल्कि अस्वच्छ और जोखिम भरा हो गया है। हैरानी की बात यह है कि शौचालय में पानी की मोटर गायब है और पानी की टंकी का ढक्कन भी नदारद है, जिससे पानी की व्यवस्था पूरी तरह ठप पड़ी है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि शौचालय को सिर्फ कागजों में चालू दिखाया जा रहा है। सफाई कर्मियों की फर्जी हाजिरी और तनख्वाह निकासी की भी शिकायत सामने आई है। निर्माण के बाद से अब तक किसी भी जिम्मेदार आला अधिकारी ने मौके पर आकर निरीक्षण तक नहीं किया, जिससे प्रशासनिक उदासीनता साफ झलकती है।
इस अव्यवस्था को लेकर गांव में भारी आक्रोश है। नाराज़ ग्रामीणों ने दोनों हाथ उठाकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया और पंचायत व संबंधित विभागों के खिलाफ नारेबाज़ी की। ग्रामीणों की मांग है कि मामले की उच्चस्तरीय जांच कराई जाए, दोषियों पर कार्रवाई हो और शौचालय को तत्काल उपयोग योग्य बनाया जाए।
ग्रामीणों का कहना है कि जब सरकार स्वच्छता को लेकर बड़े-बड़े दावे कर रही है, तब जमीनी स्तर पर ऐसी लापरवाही उन दावों की पोल खोलती है। अब देखना यह है कि प्रशासन इस गंभीर मामले पर कब और क्या कार्रवाई करता है।

Post a Comment

0 Comments