Header Ads Widget

गोंडा तालाब किनारे युवक का शव मिलने से सनसनी, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

रिपोट राजकुमार मौर्या 

गोण्डा। जिले के तरबगंज थाना क्षेत्र अन्तर्गत ग्राम पंचायत पिपरी रोहुआ में गुरुवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब रोहुआ गांव स्थित तालाब के किनारे एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पड़ा मिला। सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची तथा शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। जानकारी के अनुसार, विशुनपुर बनियन गांव निवासी साहिल (19) पुत्र रोज अली की संदिग्ध हालात में मौत हुई है। वह चार भाइयों में सबसे छोटा था और हाल ही में उसने कक्षा 10 की परीक्षा दी थी। उसके बड़े भाई रिजवान, शाहिद और वाहिद मुंबई में रहकर काम करते हैं। बताया जाता है कि साहिल मंगलवार शाम करीब 8 बजे एक दोस्त के जन्मदिन में शामिल होने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। परिजन उसकी तलाश करते रहे। बुधवार सुबह करीब 8 बजे ग्रामीणों के माध्यम से उसकी मौत की सूचना मिली। घटना का खुलासा तब हुआ जब गांव के घनश्याम नामक व्यक्ति सरसों की फसल काटने खेत पहुंचे। उन्होंने तालाब के किनारे युवक का शव पड़ा देखा, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू की। मौके से करीब 200 मीटर दूर साहिल की बाइक क्षतिग्रस्त हालत में बरामद हुई है, जबकि उसका मोबाइल फोन गायब बताया जा रहा है। इस घटना को लेकर परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि मामला सड़क हादसा है या फिर किसी साजिश के तहत घटना को अंजाम दिया गया है। घटना के बाद गांव में शोक और आक्रोश का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों ने मामले के जल्द खुलासे की मांग की है।

Post a Comment

0 Comments