रिपोर्ट राजकुमार मौर्या
कर्नलगंज–कटरा रोड पर रेलवे क्रॉसिंग के पास खतरनाक गड्ढे से हादसे का खतरा
गोंडा। सरकार द्वारा सड़कों को गड्ढा मुक्त बनाने के दावों के बीच कर्नलगंज–कटरा रोड पर शहीद मर्द मजार के पास रेलवे क्रॉसिंग के पास खतरनाक गड्ढा लोगों की जान पर भारी पड़ रहा है। यह गड्ढा करीब 5 फीट चौड़ा और 2 फीट गहरा बताया जा रहा है, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को रोजाना भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार, यह समस्या काफी समय से बनी हुई है, लेकिन जिम्मेदार विभाग अब तक अनजान बना हुआ है। सड़क पर बने इस गड्ढे के चलते हर दिन लोग जान जोखिम में डालकर गुजरने को मजबूर हैं। खासकर रात के समय और खराब मौसम में यहां से गुजरना और भी ज्यादा खतरनाक हो जाता है, जिससे बड़े हादसे की आशंका लगातार बनी हुई है। क्षेत्रवासियों का आरोप है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद न तो लोक निर्माण विभाग और न ही संबंधित रेलवे विभाग ने इस ओर कोई ध्यान दिया है। लोगों का कहना है कि जिम्मेदार अधिकारी आंखें मूंदे बैठे हैं और मानो किसी बड़ी अनहोनी का इंतजार कर रहे हैं। यह स्थिति सरकार के ‘गड्ढा मुक्त सड़क’ अभियान की हकीकत को भी उजागर करती है, जहां दावे तो बड़े-बड़े किए जाते हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर हालात इसके उलट नजर आते हैं। अब सवाल यह उठता है कि क्या प्रशासन किसी बड़े हादसे के बाद ही जागेगा, या फिर समय रहते इस गंभीर समस्या का समाधान किया जाएगा? स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि तत्काल प्रभाव से गड्ढे की मरम्मत कराकर जनजीवन को सुरक्षित किया जाए।
0 Comments