संदिग्ध परिस्थितियों में महिला की मौत, मायके पक्ष ने लगाया मारपीट का आरोप
विशेश्वरगंज थाना क्षेत्र की धनुही पुलिस चौकी अंतर्गत ग्राम पंचायत तेंदुवा कबीर के मजरा धनुही में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, धनुही निवासी संजू देवी (37 वर्ष), पत्नी संचित, की शनिवार को अचानक तबीयत बिगड़ गई। परिजनों द्वारा उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान शनिवार शाम उनकी मृत्यु हो गई। इसके बाद शव को घर लाया गया।
मृतका के मायके पक्ष के लोगों ने पति, सास और ससुर पर मारपीट का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी तथा पोस्टमार्टम कराने की मांग की। सूचना मिलने पर धनुही चौकी प्रभारी यतींद्र सिंह रविवार सुबह मौके पर पहुंचे और आवश्यक पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतका अपने पीछे एक पुत्र ऋषभ (9 वर्ष) और एक पुत्री अंशिका (7 वर्ष) को छोड़ गई हैं। मृतका की पुत्री अंशिका का आरोप है कि उसकी मां बर्तन धो रही थीं, तभी उसके पिता, दादा और दादी ने उनके साथ मारपीट की, जिससे वह बेहोश हो गईं। बाद में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी मृत्यु हो गई।
इस संबंध में थाना प्रभारी संदीप कुमार द्विवेदी ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
0 Comments